बीजापुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने बीजापुर के ऐतिहासिक महादेव तालाब परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ मिलकर तालाब परिसर की सफाई की।
अभियान के दौरान महादेव तालाब में फैली जलकुंभी और कचरे की सफाई की गई। वन मंत्री ने लोगों से सार्वजनिक स्थलों, जलस्रोतों और आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। वन मंत्री ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ किया गया प्रत्येक छोटा प्रयास स्वच्छता अभियान को व्यापक जन आंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
स्वच्छताग्राही दीदियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नेमेड की स्वच्छाग्रही दीदियों को वन मंत्री केदार कश्यप ने प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने स्वच्छता के प्रति उनके समर्पण और निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य लोगों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
इसके साथ ही नगरपालिका की स्वच्छता दीदियों को स्वच्छता किट एवं पीपीई किट भी प्रदान किए गए, ताकि वे अपने कार्य को सुरक्षित एवं बेहतर तरीके से कर सकें।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री पेरे पुलैया, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी सहित कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।