जगदलपुर। बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने दिल्ली प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव से छत्तीसगढ़ भवन में मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। सांसद ने किरण सिंह देव से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य लाभ की स्थिति जानी और शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि किरण सिंह देव का संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद प्रेरणादायी है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव जुलाई माह में हुए सड़क हादसे में घायल हो गए थे। इसके बाद उनका दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में उपचार किया गया। चिकित्सकीय सलाह एवं उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। वर्तमान में वे चिकित्सकों की सलाह के अनुसार छत्तीसगढ़ भवन में बेड रेस्ट पर रहकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
किरण सिंह देव के स्वास्थ्य को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश सरकार के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों द्वारा लगातार जानकारी ली जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उनसे मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जान चुके हैं। इससे पहले बस्तर संभाग के सांसदों ने भी मेदांता अस्पताल पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना था।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव वर्तमान में चिकित्सकों की सलाह के अनुसार बेड रेस्ट पर हैं और स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इसके बावजूद संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर उनकी सक्रियता बनी हुई है। वे फोन कॉल और वीडियो कॉल के माध्यम से कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं तथा संगठन की बैठकों, कार्यशालाओं और आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विपरीत स्वास्थ्य परिस्थितियों के बीच भी संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और कार्यकर्ताओं से जुड़े रहने की भावना भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायी है। उनका समर्पण यह दर्शाता है कि संगठन के प्रति जिम्मेदारी केवल परिस्थितियों के अनुकूल होने पर नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में निभाई जाती है।
महेश कश्यप ने कहा कि भाजपा परिवार उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है। सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की शुभकामनाएं उनके साथ हैं और उम्मीद है कि वे जल्द ही पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर पुनः सक्रिय रूप से संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामाश्रय सिंह, बलदेव मंडावी, कामदेव बघेल, वनवासी मौर्य एवं सतीश बाजपेयी सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।